बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। खुद को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बताने वाले एक शख्स ने फेसबुक पर पोस्ट कर पिता-पुत्र को सीधे तौर पर निशाना बनाया है। न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पोस्ट में दावा किया गया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई से उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। पोस्ट में सिख समुदाय के खिलाफ बोलने वालों को भी चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, ढिल्लों ने पोस्ट में लिखा है कि अमिताभ और अभिषेक चाहे बुलेटप्रूफ कांच या घेरे के पीछे छिप जाएं, वह बुलेटप्रूफ सुरक्षा के बावजूद उन्हें गोली मारकर खत्म कर देगा। यह धमकी अमिताभ बच्चन को ईमेल के जरिए मिली तीन बम धमकियों के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है।
इससे एक दिन पहले, 15 नवंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो कथित शूटरों विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, दोनों मुंबई स्थित अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' पर हमले की साजिश रच रहे थे। जांच में सामने आया है कि यह हमला कथित तौर पर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन से जुड़े पुराने बयानों के विरोध में प्लान किया गया था, हालांकि अभिनेता इन आरोपों को हमेशा से सिरे से खारिज करते रहे हैं। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है और बच्चन परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इस बीच, अमिताभ बच्चन की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने X पर सिर्फ दो शब्द लिखे- 'बच गए'। कई यूजर्स ने कमेंट कर उनसे पोस्ट का संदर्भ बताने की अपील की है। इस पोस्ट को 13 लाख से ज्यादा इंप्रेशन मिले हैं। कुछ लोगों ने इसे विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से जुड़े दो कथित शार्पशूटरों की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा है, जिनमें से एक को मुंबई में रुकने का निर्देश दिया गया था, ताकि बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता के घर के बाहर फायरिंग की जा सके। बाद में उस अभिनेता की पहचान अमिताभ बच्चन के तौर पर हुई। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया है कि 'बच गए' किस संदर्भ में लिखा गया है।
