मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैणी-भुली योजना का विरोध करने पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने पार्टी पर पूरी तरह से महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। हरिद्वार के नारसन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।

धामी ने आरोप लगाया कि बैणी-भुली योजना से कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है और वह लगातार इसका विरोध कर रही है, जबकि यह योजना महिलाओं के लिए काफी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सरकार बहनों के लिए यह योजना लेकर आई है, लेकिन कांग्रेस नहीं चाहती कि बहनों के खाते में पैसे आएं। इस योजना से प्रदेश की महिलाओं को लाभ मिलेगा और वे इस पैसे से अपने काम आगे बढ़ा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 में मुख्यमंत्री बनने के समय कोरोना काल था। तब महिला स्वयं सहायता समूह का सामान खराब न हो, इसके लिए पैकेज दिया गया और समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना लाई गई।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकारी नौकरियों में उन्हें बीस प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं किया गया, बल्कि पांच साल से सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लग रहा कि उत्तराखंड की महिलाएं आगे बढ़ें।