नवंबर के आखिरी सप्ताह में देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने लगी है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जबकि राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मैदानी इलाकों में सुबह कोहरा और ठंडी हवाएं परेशानी बढ़ा रही हैं। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है।

राजस्थान में उत्तरी हवाओं के तेज होने से सर्दी बढ़ गई है। मंगलवार को अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, टोंक, पिलानी और सीकर समेत कई शहरों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिरा। नागौर, सीकर, अलवर और अजमेर में सुबह-शाम हल्की शीतलहर का असर रहा, जबकि बाड़मेर में दिन का तापमान 31°C से ऊपर दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में बारिश थमते ही ठंड लौट आई है। शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.4°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी सर्दी का असर बढ़ा है।

उत्तर प्रदेश में हरदोई में न्यूनतम तापमान 9.5°C और मुजफ्फरनगर में 9.8°C रहा। लखीमपुर, सीतापुर, बलिया, संभल और बिजनौर समेत 15 शहरों में घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते में तापमान 3 से 5°C तक गिर सकता है।

दिल्ली की हवा बुधवार को लगातार 11वें दिन ‘खराब’ कैटेगरी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार ‘खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है। CPCB के मुताबिक, 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।