दिल्ली हाई कोर्ट ने सैनिक फार्म्स के कुछ बैंक्वेट हॉल और वैवाहिक स्थलों में बिना जरूरी वैधानिक मंजूरी के चल रही व्यावसायिक गतिविधियों और शादी समेत अन्य आयोजनों पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति सौरभ बनर्जी की पीठ ने कहा कि मामले में बड़ी संख्या में लोगों के जीवन से जुड़े गंभीर सवाल हैं और शादी के सीजन को देखते हुए आम जनता की सुरक्षा, अधिकारों और हितों की रक्षा जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना या संभावित हादसे को रोका जा सके।
अदालत ने दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के अंदर स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया। आदेश की प्रति एमसीडी आयुक्त और पुलिस आयुक्त को भेजने का भी निर्देश दिया गया। मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
पीठ ने अधिकारियों को कानून के अनुसार तत्काल जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि आठ प्रतिवादी अगली सुनवाई तक अपने परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियां या शादी समेत कोई समारोह आयोजित न कर सकें। हालांकि, उन्हें जरूरी अनुमति और वैधानिक मंजूरी लेने से नहीं रोका गया है।
यह आदेश साउथ एवेन्यू समाज कल्याण समिति की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। याचिका में आरोप लगाया गया कि सैनिक फार्म्स की लेन नंबर डब्ल्यू-17 में कई बैंक्वेट हॉल और वैवाहिक स्थल जरूरी मंजूरी के बिना संचालित हो रहे हैं। याचिका में उल्लंघन कर समारोह आयोजित करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत शिकायत शुरू करने की मांग भी की गई। सुनवाई में तीन प्रतिवादियों के वकील ने स्वीकार किया कि उनके मुवक्किलों ने परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाने और शादी समेत अन्य समारोह आयोजित करने के लिए दिल्ली सरकार, एमसीडी, डीएफएस या किसी अन्य वैधानिक प्राधिकरण से अनुमति, परमिट या मंजूरी नहीं ली थी और वे केवल संपत्ति का मालिक होने के आधार पर ये गतिविधियां चला रहे थे।
