म्यांमार की सेना ने मध्य मग्वाय क्षेत्र के विद्रोही-नियंत्रित गांव में एक स्कूल और मठ परिसर पर हवाई हमला किया, जिसमें स्कूली छात्रों समेत 30 लोग मारे गए। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और विपक्षी नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट के एक प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि की है। यह हमला इंटरनेशनल कोर्ट आफ जस्टिस के उस फैसले के एक हफ्ते बाद हुआ है, जिसमें कहा गया था कि म्यांमार ने 2017 में रोहिंग्या अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया था।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे (स्थानीय समयानुसार) सिनबाउंगवे टाउनशिप में स्कूल और मठ परिसर को निशाना बनाया गया, जब वहां एक समारोह चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले में 500 पाउंड के चार बम, 12 तोप के गोले और सात सुसाइड ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
विपक्षी नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट के प्रवक्ता के अनुसार इस हमले में नौ विद्रोही लड़ाकों के अलावा 20 से अधिक आम नागरिक मारे गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बमबारी के वक्त उस इलाके में कोई सक्रिय संघर्ष नहीं चल रहा था। हमले को लेकर शनिवार दोपहर तक सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया और म्यांमार सरकार ने भी टिप्पणी के अनुरोध पर तुरंत जवाब नहीं दिया।
इंटरनेट मीडिया पर चल रही खबरों के अनुसार शनिवार को म्यांमार की सेना ने संघर्ष वाले इलाके में एक शादी वाले घर पर हवाई हमला किया, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। यह घटना मोए बाय गांव में हुई, जो शान और करेनी राज्यों की सीमा पर स्थित है और जहां बड़ी संख्या में विस्थापित लोग रह रहे हैं। हमले के बाद खून से लथपथ पीड़ितों को इलाज के लिए ले जाते दिखाने वाला एक वीडियो भी सामने आया है।
