पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की हत्या की जिम्मेदारी पाकिस्तान के आईएसआई समर्थित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली है। संगठन का कर्ताधर्ता पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शहजाद भट्टी बताया जाता है। यह दावा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पोस्टर के जरिए सामने आया, जिसमें पुलिस जवानों और सुरक्षा बलों को धमकी दी गई है। पोस्टर में लिखा है कि गलियों के बजाय घरों में घुसकर ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतारा जाएगा।

हालांकि पंजाब पुलिस ने इस पोस्टर की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं की है। अतिरिक्त महानिरीक्षक पुलिस (कानून और व्यवस्था) पीके सिन्हा ने कहा कि हत्या की जिम्मेदारी का दावा करने वाला पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है और जांच टीम इस पर नजर रखे हुए है। घटना ने शहजाद भट्टी नेटवर्क की गतिविधियों की ओर ध्यान खींचा है और खुफिया एजेंसियां इसे इसी से जुड़ा मान रही हैं।

गौरतलब है कि विनोद कुमार का शव रविवार देर रात गुरदासपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानकौर बाईपास के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने गोली लगने की पुष्टि नहीं की है। विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर में वायरलेस ड्यूटी पर तैनात थे और हाल ही में फिल्लौर में प्रशिक्षण के लिए गए थे। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम घर लौटते समय उन्होंने अपने भाई को फोन कर मानकौर बाईपास पर इंतजार करने को कहा था, लेकिन जब भाई पहुंचा तो वे वहां नहीं मिले। तलाश के दौरान रात करीब एक बजे उनका शव सड़क किनारे मिला।

सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया गया। गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि परिजनों ने गोली मारे जाने की आशंका जताई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। इधर, भाजपा के पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने घटना पर दुख जताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में सीमावर्ती जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है।