सर्दियों के मौसम में दोस्तों के साथ खाने-पीने का मजा लेने के लिए पॉटलक पार्टी एक अच्छा विकल्प है। यह किटी पार्टी से इस मायने में अलग है कि इसमें मेजबानी का जिम्मा किसी एक व्यक्ति पर नहीं होता, बल्कि आने वाले सभी मेहमान अपने साथ एक-एक डिश बनाकर लाते हैं और साझा रूप से पार्टी का आयोजन करते हैं।

पॉटलक शब्द पॉट यानी बर्तन और लक यानी भाग्य के मेल से बना है। कहा जाता है कि पहले के समय में जब मेहमान अचानक आते थे, तो घर में जो भी बना होता था वही परोस दिया जाता था। समय के साथ यह तरीका एक आधुनिक परंपरा के रूप में बदल गया। इस पार्टी की खास बात यह है कि इसमें शामिल सभी लोग मेहमान भी होते हैं और मेजबान भी। जब सभी लोग अपनी-अपनी बनाई डिश एक टेबल पर रखते हैं, तो माहौल किसी भव्य भोज जैसा बन जाता है।

पॉटलक पार्टी के आयोजन के लिए किसी महंगे वेन्यू या बड़े तामझाम की जरूरत नहीं होती। इसके लिए घर की छत, सोसायटी का क्लब या पार्क जैसी कोई भी जगह चुनी जा सकती है। जगह तय करने के बाद पार्टी की तारीख और दिन तय करें और सभी से डिशेज के बारे में बात कर लें, ताकि कोई डिश दोहराई न जाए। सादे पकवानों की जगह अलग-अलग तरह की डिशेज स्वाद का मजा बढ़ा देती हैं।

अगर चाहें तो पार्टी के लिए कोई थीम भी रखी जा सकती है, जैसे सभी को हरे या लाल रंग वाले पकवान बनाकर लाने हों। पॉटलक को सिर्फ खाने तक सीमित न रखें, इसमें गेम्स जोड़कर इसे और दिलचस्प बनाया जा सकता है।