हाथरस के मेंडू कस्बे के रहने वाले 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाह की आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर नगला भूरा के पास सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। वह अलीगढ़ से क्रिकेट खेलकर लौट रहा था। वह लक्ष्य क्रिकेट अकादमी का होनहार खिलाड़ी था और कक्षा 10 का छात्र था। हादसे के बाद परिवार और अकादमी में शोक की लहर है। जिलाधिकारी ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।
हाथरस के कस्बा मेंडू निवासी 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाह की आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर नगला भूरा के निकट हुए सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। स्वजन के अनुसार अश्वनी कक्षा 10 का छात्र था और उसके पिता सुरेंद्र सिंह मेंडू स्थित मंडी में सब्जी की आढ़त लगाते हैं। हादसे के बाद से परिवार में मातम है। जिलाधिकारी ने भी छात्र की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है।
स्वजन ने बताया कि अश्वनी को बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक था। इसी शौक के चलते वह क्रिकेट मैच खेलकर अलीगढ़ से वापस लौट रहा था, तभी हाईवे पर वह दुर्घटना का शिकार हो गया। वह शहर की लक्ष्य क्रिकेट अकादमी का होनहार खिलाड़ी था और नियमित अभ्यास के अलावा अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अलीगढ़ भी जाता था। उसकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति लगन को देखते हुए कोच और साथी खिलाड़ी उसके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर रहे थे।
हादसे की खबर सुनते ही क्रिकेट खिलाड़ी मायूस हो गए। अकादमी के खिलाड़ी, कोच और खेल प्रेमी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोकाकुल स्वजनों को सांत्वना दी। स्वजन ने बताया कि अश्वनी चार भाई-बहनों में सबसे छोटा और सबका दुलारा था। कुछ वर्ष पूर्व उसकी एक बहन की भी मृत्यु हो चुकी है। अब सबसे छोटे बेटे की मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
