जर्मनी के दिग्गज गोलकीपर और बायर्न म्यूनिख के कप्तान मैनुअल नॉयर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद नॉयर और उनकी पत्नी अनिका बिसेल अलग हो गए हैं। इसी बीच अनिका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें गर्भावस्था के दौरान महिला को धोखा देने वाले पुरुषों की कड़ी आलोचना की गई है। पोस्ट में कहा गया है कि गर्भावस्था के दौरान धोखा देना कोई गलती नहीं, बल्कि स्वार्थी और दिल तोड़ने वाला फैसला है। अनिका ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर नॉयर का नाम नहीं लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉयर को हाल ही में ब्राजील में एक महिला के साथ देखा गया था। वह 23 साल की फिजियोथेरेपिस्ट बताई जाती हैं और नॉयर के साथ काम कर चुकी हैं। दावा किया गया है कि दोनों को सितंबर में इटली के सिसिली में भी साथ देखा गया था। सनस्पोर्ट ने इस मामले पर नॉयर से कमेंट मांगा गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
मैनुअल नॉयर और अनिका बिसेल के उम्र में 14 साल का अंतर है और दोनों के दो बेटे हैं। जर्मन मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद ही दोनों अलग हो गए थे। नॉयर ने 2017 में नीना वाइस से शादी की थी और 2020 की शुरुआत में दोनों अलग हो गए। इसके बाद नॉयर ने अनिका को डेट करना शुरू किया। जुलाई 2025 में दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं, इससे पहले 2023 में दोनों सिविल मैरिज कर चुके थे।
अनिका बिसेल पेशेवर हैंडबॉल खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2025 में अपने परिवार और बेटे को अधिक समय देने के लिए खेल से ब्रेक लिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि यह उनके करियर का अंत नहीं है, बल्कि वह अपने बेटे के साथ ज्यादा समय बिताना चाहती हैं।
