भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को चेतावनी दी कि विदेशी जासूसी नेटवर्क रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल करने के लिए केवल हनी ट्रैप पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि साइबर जासूसी, आर्थिक लालच और कर्ज के जाल जैसे कई रास्ते अपना रहे हैं। दिल्ली में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में उन्होंने कहा कि हनी ट्रैप इस बड़े खतरे का केवल एक हिस्सा है। विदेशी एजेंसियां सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर दोस्ती करने और संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए लोगों को तैयार करने जैसे तरीके अपना रही हैं।
हनी ट्रैप से जुड़े सवाल पर दीक्षित ने कहा कि मामले को केवल इसी नजर से देखना सही नहीं होगा। उनके मुताबिक, जासूसी के लिए अब मल्टी लेवल मार्केटिंग और अवैध तरीके से कर्ज देने वाले लोन शार्क का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे नेटवर्क आर्थिक परेशानी में फंसे लोगों को जाल में फंसाकर उनसे गोपनीय जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेना इन गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ है और इन पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा व्यवस्थित स्तर पर इनसे निपटने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वायुसेना प्रमुख ने बताया कि सेना और वायुसेना के मुख्य संचार नेटवर्क एयर गैप्ड हैं, यानी ये आम इंटरनेट से अलग रखे जाते हैं और सीधे साइबर हमले का निशाना नहीं बन सकते। लेकिन उन्होंने चिंता जताई कि विदेशी नेटवर्क अब सीधे सिस्टम में सेंध लगाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रहे हैं जिनकी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच है। इसे इनसाइडर थ्रेट यानी संस्थान के भीतर से पैदा होने वाला खतरा कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए कुछ तकनीकी और संस्थागत उपाय पहले से लागू हैं।
दीक्षित ने यह भी जानकारी दी कि सरकारी रक्षा संस्थानों के साथ निजी क्षेत्र की कंपनियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें DRDO की प्रयोगशालाएं और निजी रक्षा कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने साफ किया कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को निशाना बनाने के लिए कई तरह के तरीके अपनाए जा रहे हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को केवल तकनीकी खतरों तक सीमित नहीं रखा जा सकता और कर्मचारियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
