भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि उन्होंने 'भारत विरोधी ताकतों' को मंच मुहैया कराया, जिससे देश को बदनाम करने और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हुई। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि विपक्ष के नेता द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को 'भारत विरोधी शिखर सम्मेलन' कहना ज्यादा उचित होगा।
भाटिया ने इतालवी नेता और 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट' के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की शिखर सम्मेलन में भागीदारी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें ऐसा मंच दिया गया, जहां से उन्होंने ''वोट चोर, गद्दी छोड़'' का नारा लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं और अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है। भाटिया ने गांधी को ''अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी'' नेता प्रतिपक्ष बताते हुए कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने फिलिबेक की टिप्पणियों पर आपत्ति नहीं जताई और इसके बजाय टिप्पणियों के दौरान ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए।
भाटिया ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता की भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी की बार-बार चुनावी हार ने उन्हें निराश कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी का एजेंडा देश को बदनाम करना है। भाटिया ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में आयोजित निवेश शिखर सम्मेलन विदेशी निवेशकों और विचारकों को निवेश के अवसरों पर चर्चा करने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और स्थिर वातावरण की सराहना करने का मंच देते हैं, लेकिन कांग्रेस शासित राज्य में भारत के हित हाशिए पर चले जाते हैं।
शिखर सम्मेलन पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाते हुए भाटिया ने दावा किया कि तेलंगाना सरकार की वेबसाइट के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन सरकारी धन से किया गया था। उन्होंने पूछा कि भारत की आलोचना करने वाले कार्यक्रम पर जनता का कितना पैसा खर्च किया गया। उन्होंने वक्ताओं के चयन पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि कांग्रेस तथा तेलंगाना सरकार ने फिलिबेक को आमंत्रित करने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच नहीं की। भाटिया ने गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे फिलिबेक की टिप्पणियों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार कौन बनाएगा, इसका फैसला मतदाता करेंगे और भारत का लोकतंत्र किसी विदेशी व्यक्ति की मंजूरी पर निर्भर नहीं है। भाटिया ने गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इसके बजाय भारत के गांवों और शहरों का दौरा करना चाहिए। उन्होंने गांधी की उस पुरानी टिप्पणी का जिक्र भी किया जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र मर चुका है।
