दीपिका पादुकोण आज इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हैं, लेकिन एक्टिंग सीखने के दौरान उन्हें कुछ मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा था। उन्होंने मुंबई में अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल 'एक्टर प्रिपेयर्स' में करीब तीन महीने का कोर्स किया था। अनुपम खेर ने हाल ही में गोवा में आयोजित IFFI 2026 के दौरान दीपिका के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि एक कलाकार के लिए सिर्फ अच्छा दिखना या सही तरीके से बोलना काफी नहीं होता, बल्कि हर तरह के किरदार में खुद को ढालना जरूरी है।
अनुपम खेर के मुताबिक, दीपिका पढ़ी-लिखी और अच्छी फैमिली से थीं और मॉडलिंग में थीं, इसलिए उनका हर काम करने का अंदाज अलग था। वे चाय का कप भी बड़े स्टाइल से उठाती थीं। अनुपम ने कहा कि कई बार उनका यह अंदाज किरदार में असलीपन नहीं आने देता था।
अनुपम खेर ने बताया कि एक दिन उन्होंने क्लास में दीपिका को नौकरानी का किरदार निभाने और फर्श पर झाड़ू लगाने को कहा, लेकिन दीपिका यह काम भी अपने स्टाइलिश अंदाज में कर रही थीं और उनका तरीका असली नहीं लग रहा था। इसके बाद अनुपम ने अपने घर में काम करने वाली नौकरानी को क्लास में बुलाया और उसे झाड़ू लगाने को कहा। उसने पूरी सहजता से यह काम किया, जिसे देखकर दीपिका को समझ आया कि असल जिंदगी में कोई इंसान यह काम कैसे करता है।
अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने दीपिका से कहा कि यह एक्सरसाइज तब तक चलेगी जब तक उन्हें यकीन न हो जाए कि वे सच में इसे कर पा रही हैं। शुरू में दीपिका परेशान हो गई थीं और उनकी आंखों में लगभग आंसू आ गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और बार-बार कोशिश करके यह प्रैक्टिस पूरी की। बता दें कि दीपिका ने शाहरुख खान के साथ फिल्म 'ओम शांति ओम' से इंडस्ट्री में कदम रखा था, जो साल 2007 में आई थी। इससे पहले वे अनुपम खेर के इंस्टीट्यूट में दूसरे बैच की स्टूडेंट रहीं थीं। फिलहाल दीपिका मैटरनिटी लीव पर हैं और अपनी मदरहुड को एंजॉय कर रही हैं।
