वाराणसी के नमोघाट पर रविवार को गंगा महोत्सव की तीसरी संध्या लोक संगीत और भक्ति के रंग में रंगी रही। लोक गायिका कल्पना पटवारी ने छठ गीत 'दर्शन मांगी ला...' से शाम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शिवाष्टकम 'प्रभु प्राणनाथं, शम्भू विश्वनाथम..' प्रस्तुत किया। कबीर के निर्गुण 'कबीरा खड़ा बाजार में मांगे सबकी खैर...' और पारंपरिक पूर्वी व कजरी गीतों ने भी श्रोताओं को बांधा। उन्होंने 'ए गणेश के पापा', 'हे डोला, राजा महाराजाओं का डोला...', 'झुमका झुलनिया हां हंसुली नथुनिया...' और 'मेहरून कलर सड़िया...' जैसे गीत सुनाए। छठ के गीत 'काठ के रे नइयां गंगा जी के तीरवां...' के बाद अंतिम प्रस्तुति 'बम बम बोल रहा है काशी...' से वातावरण शिवमय हो गया।
आगरा से आईं तृप्ति नागर और उनके छह सदस्यीय समूह ने ब्रज के लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुत किए। उन्होंने 'मेरे भोले का जयकारा गली-गली', 'निर्मल-निर्मल नीरपाणी, मारी गंगा में महाराणी' और 'मोरी मैया की चुनर उड़ी जाए, पवन धीरे-धीरे चलो...' पर नृत्य किया।
गोरखपुर से आए वनटांगिया समुदाय के कलाकारों ने भी दर्शकों का दिल जीता। सुगम सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पायल, रिद्धिमा, रिंकी और ललिता ने भोजपुरी और राजस्थानी लोकनृत्य का संगम पेश किया। उन्होंने 'निक लागेले टिकुलिया गोरखपुर के', 'रेशम का रुमाल' और 'सइयां मिले लरकइयां' जैसे गीतों पर प्रस्तुति दी। गोरखपुर की जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी ने भी लोकनृत्य से समां बांधा।
इससे पहले लोक गायिका रंजना राय ने 'कइसे शिव के मनाइब, शिव मानत नाहीं' और 'पटना से बैदा बुलाइदा दा, नजरा गईली...' सुनाकर वाहवाही लूटी। गणेश पाठक, सरिता सेठ, डा. जान्हवी पांडेय, स्नेहा अवस्थी और अंशुमान महाराज (काशी रस वाद्य वृंद) सहित कुल 17 कलाकारों की प्रस्तुतियों ने तीसरी संध्या को यादगार बना दिया।
