साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'हनु-मान' के सीक्वल का ऐलान हो गया है। प्रशांत वर्मा के डायरेक्शन में बनी और तेजा सज्जा स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी। करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फैंटेसी एडवेंचर फिल्म ने देश में 201.91 करोड़ रुपये का नेट बिजनस और वर्ल्डवाइड 295.29 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। अब मेकर्स ने सीक्वल 'हनु-मान 2: द राइज ऑफ वनराज' की घोषणा की है, जिसमें तेजा सज्जा की जगह पंजा वैष्णव तेज को लीड रोल में कास्ट किया गया है।

निर्माता के. निरंजन रेड्डी इस सीक्वल के जरिए एक और काल्पनिक दुनिया पेश करने जा रहे हैं। इस फिल्म को वी. आनंद डायरेक्ट करेंगे। प्राइम शो एंटरटेनमेंट ने आधिकारिक तौर पर फिल्म की घोषणा करते हुए फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर में गहरे घुंघराले बालों वाला एक गठीले शरीर का व्यक्ति नारंगी रंग की धोती पहने बादलों के ऊपर उठता दिख रहा है, जिसके चारों ओर एक विशाल पूंछ लिपटी है, जबकि बैकग्राउंड में भगवान हनुमान की भव्य आकृति नजर आ रही है।

मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए कहा कि एक सपने से शुरू हुआ सफर अब और बड़े विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें 'हनु-मान' की विरासत को आगे ले जाने पर गर्व है और वे पंजा वैष्णव तेज तथा डायरेक्टर वी. आनंद के साथ इस सहयोग को लेकर उत्साहित हैं। फिल्म में विनय राय, वेनेला किशोर और समुथिरकानी भी नजर आएंगे। कास्ट और कहानी की अधिक जानकारी अभी नहीं आई है, लेकिन यह बताया गया है कि फिल्म पैन इंडिया तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी।

इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर तेजा सज्जा के फैंस में कौतूहल है। सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या नई फिल्म में तेजा सज्जा भी शामिल होंगे, और क्या यह प्रोजेक्ट उस 'जय हनुमान' से जुड़ा है जिसकी घोषणा प्रशांत वर्मा पहले ही कर चुके हैं। प्रोड्यूसर के. निरंजन रेड्डी ने कहा कि उनका प्रोडक्शन हाउस भारतीय संस्कृति और कल्पनाओं से प्रेरित कहानियों में गहरी दिलचस्पी रखता है और 'हनु-मान 2' इसी विजन की दिशा में एक कदम है।