गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर विशेष पैनल डिस्कशन हुआ। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। पैनल में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 का उद्देश्य राज्य को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है। नीति के तहत पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया से फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है, जिससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर मिल रहे हैं।

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण दिया, जिसे उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और काम के अनुकूल माहौल की सराहना की तथा फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत बताई। फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने उत्तराखंड में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य उनके लिए दूसरे घर जैसा है। उन्होंने बताया कि उपयुक्त लोकेशन तलाशने के लिए वह 17 बार उत्तराखंड आए और स्थानीय लोगों का सहयोग मिला। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ राज्य के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।

सत्र में उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया। इस दौरान फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावनाओं पर जोर दिया गया। साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी इससे प्रोत्साहन मिलने की बात कही गई।