भदोही के औराई थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार को वाहन जांच के दौरान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के छह और वाराणसी के एक कुल सात बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार ये सभी अपने ही गैंग के एक सदस्य की हत्या की नीयत से भदोही आए थे और पिछले चार दिनों से जौनपुर में रुककर रैकी कर रहे थे। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे, पांच चाकू, चार देशी बम, सात मोबाइल फोन और 7,100 रुपये बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, औराई पुलिस उगापुर नहर पुलिया के पास बैरियर लगाकर वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भदोही की ओर से एक हुंडई एक्सेंट और एक हुंडई औरा कार तेज रफ्तार से आईं। रुकने का इशारा किए जाने पर महाराष्ट्र नंबर की कार ने बैरियर तोड़ दिया और दोनों कारें असलहा लहराते हुए भागने लगीं। वायरलेस सेट पर सूचना मिलने के बाद औराई थाना की मोबाइल और 112 की टीमों ने दोनों कारों को कुरौना हवाई पट्टी गेट के पास घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो फायर किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सभी सातों को दबोच लिया गया।

एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का ठाणे जिले के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और छिनैती जैसे मामलों में आपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार किए गए लोगों में ठाणे जिले के डोंबिवली और कल्याण क्षेत्र के निवासी तथा वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा हटिया निवासी कृष्णा गोविन्द लाल जायसवाल शामिल हैं, जिनका वर्तमान पता तिलक नगर डोंबिवली बताया गया है।

पूछताछ में बदमाशों ने पुलिस को बताया कि ठाणे में कृष्णा जायसवाल ने एक चिकित्सक की चेन लूटी थी। चिकित्सक उनके साथी विपुल विजय सेट्टी को जानता था और उसने विपुल को इसकी जानकारी दी। चेन के विवाद में औराई निवासी गैंग सदस्य और विपुल के बीच मारपीट हुई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी विवाद के चलते ये लोग अपने साथी की हत्या और लूटपाट की योजना बनाकर भदोही आए थे। पुलिस के अनुसार इन्हें अपने साथी के शहर का नाम तो पता था, लेकिन वास्तविक पते की जानकारी नहीं थी, इसलिए ये 13 नवंबर से जौनपुर के एक होटल में रहकर दो कारों से भदोही से औराई तक रैकी कर रहे थे।