राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 नवंबर को पहली बार मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ पहुंचेंगे। प्रसिद्ध कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के दौरान उनका दो दिवसीय प्रवास रहेगा। दिल्ली से जारी अधिकृत कार्यक्रम के अनुसार, संघ प्रमुख 22 नवंबर को रुड़की से सड़क मार्ग से शाम छह बजे शुकतीर्थ पहुंचेंगे। यहां वे शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक एवं शिक्षा ऋषि ब्रह्मलीन वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि मंदिर में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे पीठ श्री शुकदेव आश्रम में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन 23 नवंबर को संघ प्रमुख पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज के सानिध्य में श्री शुकदेव आश्रम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के प्रमुख आयोजनों के बीच उनका यह शुकतीर्थ प्रवास धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहली बार तीर्थनगरी पहुंच रहे संघ प्रमुख के आगमन को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में उत्सुकता है।
आश्रम में चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है, रंगाई-पुताई और पेंट आदि कार्य भी किए जा रहे हैं। आश्रम के मुख्य ट्रस्टी व सेवक आचार्यगण विशेष तैयारी में जुटे हैं।
मेले का आयोजन जिला पंचायत के द्वारा 21 से 25 नवंबर तक किया जाएगा, जबकि मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। मेले में करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार, बाइक आदि वाहन से पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालु नगरी में तंबू डेरे बनाकर रहते हैं।
