उत्तर प्रदेश सरकार ने नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के स्टेज दो फेज वन में जमीन अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए शेष मुआवजा राशि आवंटित करने की स्वीकृति दे दी है। इससे करीब साढ़े तीन हजार परिवारों का पुनर्वास कार्य तेज हो सकेगा।
स्टेज दो फेज वन में एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 1365 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है, जिससे करीब साढ़े तीन हजार परिवार प्रभावित हैं। इन परिवारों का पुनर्वास फैलेदा बांगर और मॉडलपुर में प्रस्तावित है। इसके लिए सादुल्लापुर उर्फ मॉडलपुर, जेवर बांगर, मेहंदीपुर बांगर, करौली बांगर, फैलेदा बांगर, धनुवास और तिरथली गांव की 189 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जा रही है।
इस जमीन के अधिग्रहण के लिए 8,913,456,831 रुपये में से 6,171,719,006 रुपये पूर्व में जारी किए गए थे। शेष 2,751,737,825 रुपये में से प्रदेश सरकार ने अपनी अंशधारिता के सापेक्ष 1,031,901,684 रुपये जारी करने की स्वीकृति दी है। जिला प्रशासन ने इसके लिए शासन से अनुरोध किया था।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) में प्रदेश सरकार और नोएडा प्राधिकरण की अंशधारिता 37.5-37.5 प्रतिशत तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण की 12.5-12.5 प्रतिशत है। तीनों प्राधिकरण को भी कंपनी में अपनी अंशधारिता के सापेक्ष राशि जारी करनी होगी। शासन की स्वीकृति के बाद स्टेज दो फेज वन के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की परियोजना में तेजी आएगी। सरकार की योजना इस अधिग्रहित जमीन में एमआरओ विकसित करने की है, जिससे एयरक्राफ्ट की मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहालिंग का केंद्र भी बनेगा।
