नोएडा के सेक्टर-143बी स्थित फेस्टिवल सिटी (मिस्ट एवेन्यू) परियोजना के नाम पर करीब 88 निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू), मेरठ की जांच में धोखाधड़ी के साक्ष्य मिलने के बाद शासन की मंजूरी से छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

आर्थिक अपराध शाखा के डीजी जयनारायण सिंह ने बताया कि ईओडब्ल्यू की ओर से 18 नवंबर को मेरठ सेक्टर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 05/2026 दर्ज कराया गया है। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120 बी के तहत सतिंदर सिंह भसीन उर्फ मोंटू भसीन, उनकी पत्नी क्वेन्सी भसीन, हरप्रीत सिंह छाबड़ा, विनोद कुमार, युवराज अबोल, सरबजीत सिंह साहनी और रितेश गुप्ता को नामजद किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना की जाएगी।

जांच के मुताबिक नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2008 में आनंद इन्फो एज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-143 में प्लाट नंबर-1 पर आईटी सेक्टर से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निर्माण और बिक्री के लिए एक लाख वर्गमीटर जमीन आवंटित की थी। वर्ष 2012 में प्राधिकरण ने इस भूखंड को सेक्टर-143बी में आवंटित कर दिया और इसका मानचित्र 26 अक्टूबर 2012 को स्वीकृत हुआ। इसके बाद कंपनी के निदेशकों ने मिस्ट एवेन्यू और फेस्टिवल सिटी के नाम से योजना लांच की, जिसमें निवेशकों को तय समय में दुकानें और कार्यालय बनाकर देने का वादा किया गया था।

आरोप है कि निदेशकों ने निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन परियोजना का निर्माण पूरा नहीं कराया। ईओडब्ल्यू की जांच में भूखंड पर आंशिक निर्माण ही मिला। निवेशकों से रकम लेने के बावजूद उन्हें दुकान और कार्यालय उपलब्ध नहीं कराए गए और जमा रकम भी वापस नहीं की गई। जांच में सात निदेशकों की भूमिका सामने आई। सतिंदर सिंह भसीन का नाम बाइक बोट घोटाले में भी आरोपी के रूप में सामने आ चुका है, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 6 जुलाई 2021 को उनके खिलाफ किसी भी कानूनी कार्रवाई से पहले अदालत की अनुमति लेने का आदेश दिया था। इसी आदेश के अनुपालन में शासन ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच कराने की मंजूरी दी है। अब ईओडब्ल्यू मामले में निवेशकों से जुटाई गई रकम और आरोपियों की भूमिका की जांच करेगा।