भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मथुरा में हुई दो दिवसीय योजना बैठक में चुनावी रणनीति तैयार की है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र, परखम में 16 और 17 नवंबर को हुई इस बैठक में बनी रणनीति पर इसी महीने से अमल शुरू किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य नवंबर के अंत तक इस मंथन को जनसंपर्क अभियान में बदलना है।

संगठन ने इस बार पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के साथ युवाओं और महिलाओं को जोड़ने का रोडमैप बनाया है। इसके तहत पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायकों से सीधा संपर्क स्थापित करने की योजना है। बैठक में लंबे समय से निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर जिम्मेदारी देने पर जोर रहा। पार्टी मान रही है कि चुनाव में संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर सक्रियता अहम होगी। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की रणनीति भी बनी है।

मतदाता सूची भी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उन्हें नियमानुसार दोबारा जुड़वाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर संपर्क और मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी है। सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी भी संगठन के कंधों पर होगी।

मांट विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी। मंथन में लिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन इसी महीने शुरू कर दिया जाएगा।