पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने पंजाब सिविल सेवा (PCS) मेन्स भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। अदालत ने परीक्षा का पूरा रिकॉर्ड भी तलब किया है। इस बीच बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है।
त्रिवेदी ने कहा कि पंजाब लोक सेवा आयोग द्वारा हाल ही में घोषित नतीजे बताते हैं कि नई तरह की राजनीति की आड़ में बहुआयामी भ्रष्टाचार किस तरह हो सकता है। उन्होंने कहा कि जो सरकारें खुद को 'कट्टर ईमानदार' होने का दावा करती हैं, उनके बीच कितने दागदार लोग हो सकते हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि इस मामले में बहुआयामी भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं और उम्मीदवारों ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। यह मुद्दा सार्वजनिक पटल और मीडिया में भी सामने आया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि 4 नवंबर को घोषित नतीजों में 751 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें नेताओं और मंत्रियों के परिवारों से जुड़े लोग, इस तथाकथित 'कट्टर ईमानदार' सरकार के बेहद करीबी माने जाने वाले अधिकारियों के परिवारों से जुड़े लोग, भ्रष्टाचार के आरोपों वाले लोगों के परिवारों से जुड़े लोग और वे लोग शामिल हैं जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आम आदमी पार्टी को कुछ भेंट (चंदा) दी है।
त्रिवेदी ने कहा कि ऐसी खबरें भी आई हैं कि एक ही परीक्षा केंद्र से 24 फीसदी उम्मीदवार सफल रहे, जो अपने आप में शक पैदा करता है। उन्होंने कहा कि चार परीक्षा केंद्रों के अलग-अलग कमरों में जिस तरह उम्मीदवारों का चयन किया गया, वह मन में संदेह पैदा करता है।
