बांग्लादेश की सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारत की सीमा से सटे इलाके में जोरदार प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन में बीएनपी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन बुधवार को शाम करीब 4 बजे ब्राह्मणबरिया के अखौरा लैंड पोर्ट इलाके में किया गया।

प्रोथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, BNP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया पर कई वीडियो देखने को मिले, जिनमें अवामी लीग के नेता जहांगीर कबीर, मोफज्जल हुसैन चौधरी माया, बहाउद्दीन नसीम, अलाउद्दीन चौधरी और दूसरे लोग अगरतला एयरपोर्ट पर आते दिख रहे हैं। ऐसी भी खबर थी कि ये नेता अगरतला बॉर्डर इलाके में आ सकते हैं। BNP ने आशंका जताई कि ये नेता शेख हसीना की वापसी के पहले बांग्लादेश में प्रवेश कर अस्थिरता फैला सकते हैं।

इन आशंकाओं के बीच अखौरा उपजिला BNP के नेताओं ने सहयोगी पार्टियों के साथ अखौरा इंटरनेशनल इमिग्रेशन पुलिस चेकपॉइंट एरिया के पास BGB के BOP कैंप के गेट के सामने प्रदर्शन किया।

अखौरा उपजिला BNP ने एक नोटिस जारी कर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि भगोड़ा अवामी लीग नेता जहांगीर कबीर नानक अगरतला एयरपोर्ट के पास है और अंदरूनी तौर पर अस्थिरता पैदा करने की साजिश कर रहा है। नोटिस में कस्बा, अखौरा और बिजयनगर थाना BNP तथा ब्राह्मणबरिया जिले के उससे जुड़े और सहयोगी संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से तुरंत संगठित होने और सतर्क रहने को कहा गया है।