बुलंदशहर के नाजिमपुरा मुहल्ला में मंगलवार शाम एक दो मंजिला भवन में आग लग गई। भवन की दूसरी मंजिल पर संचालित जिम में मौजूद लगभग 11 युवकों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इनमें तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आरिफ कमाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शहर के नाजिमपुरा भूड़ शिव मंदिर एवं आरिफ कमाल अस्पताल के पास आदित्य कुमार के दो मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर डिस्पोजल दोना एवं पत्तल का गोदाम और ब्यूटी पार्लर की दुकान है। पहली मंजिल पर आवास है और दूसरी मंजिल पर अमेरिकन नाम से जिम संचालित होता है। मंगलवार शाम साढ़े सात बजे गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद भवन में भगदड़ मच गई। पहली मंजिल पर मौजूद आदित्य के दो भाई, मां व अन्य स्वजन भागकर बाहर निकले।
दूसरी मंजिल पर जिम में एक्सरसाइज कर रहे 20 युवकों में से 11 युवक ऊपर से कूद गए, जबकि बाकी नौ युवक पड़ोस के भवन की छत के रास्ते नीचे आए। कूदने से बीसा कालोनी निवासी दो भाई प्रशांत, अभय तथा हैदर घायल हो गए, जिन्हें सामने स्थित आरिफ कमाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी युवकों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ग्राउंड फ्लोर पर रखा लगभग दो लाख रुपये कीमत का सामान और एक हुंडई ओरा कार जल गई। आवास में रखे कपड़े आदि सामान भी जल गए।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। सूचना पर पहुंचे एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने आग लगने वाले भवन के आसपास स्थित इस्लाम खान, सुरेंद्र पाल सिंह, नीरज कुमार, धर्मवीर सिंह आदि के मकान खाली कराए। उन मकानों में रहने वाले लोग आग बुझने तक सड़क पर खड़े रहे। एसपी देहात ने बताया कि प्रारंभिक जांच से आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगना सामने आया है और मामले की जांच की जा रही है। सीएफओ प्रमोद शर्मा ने बताया कि जिम संचालक के पास एनओसी नहीं है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
