गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में लगाए गए तीन ऑक्सीजन प्लांट तकनीकी खराबी और रखरखाव के अभाव में प्रभावित हैं। अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक, 250, 500 और 1000 लीटर क्षमता के इन प्लांट में से दो करीब दो वर्षों से बंद पड़े हैं। मशीनों के डिस्प्ले, कंप्रेसर सहित अन्य उपकरणों में खराबी बताई जा रही है। कोरोना संक्रमण के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए लाखों रुपये की लागत से ये प्लांट स्थापित किए गए थे, लेकिन नियमित रखरखाव न होने के कारण ये निर्धारित क्षमता के अनुसार काम नहीं कर पा रहे हैं।
स्थिति यह है कि इनकी मरम्मत के लिए करीब दो साल से फाइल चंडीगढ़ मुख्यालय में अटकी हुई है। मुख्यालय की ओर से ऑक्सीजन प्लांट की मेंटेनेंस सहित अन्य जानकारियां मांगी गई थीं, जिस पर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
ऑक्सीजन की जरूरत पूरी करने के लिए अस्पताल प्रबंधन लिक्विड ऑक्सीजन का सहारा ले रहा है। बाहर से लिक्विड ऑक्सीजन मंगवाकर अस्पताल परिसर में स्थापित टैंक में भरी जाती है, जहां से पाइपलाइन के माध्यम से आइसीयू, इमरजेंसी और नवजात शिशु वार्ड (एसएनसीयू) तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलिंडर भी रखे गए हैं।
जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ नीना गठवाल के अनुसार, अस्पताल में मरीजों के लिए ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।
