कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संभल पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। जिले में 21 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 24 नवंबर की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा, जबकि हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन 21 नवंबर की शाम छह बजे से लागू होगा। इस दौरान ट्रक, कैंटर, रोडवेज बस, निजी बस और अन्य मालवाहक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जिले में 14 स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। इस अवसर पर जिले में राजघाट, साधुमढ़ी, हरिबाबा धाम और सिसौना डांडा में गंगा किनारे मेले का आयोजन होगा, जहां आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूसरे जनपदों से भी लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त अमरोहा के तिगरी, बुलंदशहर के अनूपशहर और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में भी गंगा मेले का आयोजन होगा, जिसके चलते दूसरे जिलों में भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए मार्ग निर्धारित किए हैं। भारी एवं व्यावसायिक वाहनों, रोडवेज बसों, निजी बसों और मालवाहक वाहनों को चंदौसी चौराहा और चौधरी सराय चौराहा होते हुए खिरनी कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा, जहां से वाहन हापुड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। मुरादाबाद से चंदौसी होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को नया बाईपास एसएम कॉलेज चंदौसी से लहरावन कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से हापुड़ की ओर निकाला जाएगा। भारी वाहनों को बहजोई, धनारी, इस्लामनगर चौराहा, बबराला और नरौरा पुल के रास्ते भेजा जाएगा। बदायूं से चंदौसी होकर अलीगढ़ और आगरा जाने वाले वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने चार प्रमुख मार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया है। इनमें चौधरी सराय चौराहा संभल से सैदनगली, हसनपुर और गजरौला मार्ग, केसरपुर तिराहा से टी-प्वाइंट चौक अनूपशहर की ओर, इस्लामनगर चौराहा बबराला से जिजौड़ा टांडा होते हुए टी-प्वाइंट पुलिस चौकी की ओर तथा संभल से असमोली-जोया मार्ग शामिल हैं। डायवर्जन प्वाइंट में नूरपुर तिराहा, इस्लामनगर चौराहा बबराला, नेह चौक गुन्नौर, केसरपुर तिराहा, टी-प्वाइंट चौक अनूपशहर पुल, चौधरी सराय चौराहा, वाजिदपुरम बाईपास मुरादाबाद रोड, नया बाईपास एसएम कॉलेज चंदौसी, खिरनी कट गंगा एक्सप्रेसवे, लहरावन कट गंगा एक्सप्रेसवे, खग्गूपुरा बाईपास, भोलेश्वर चौक चौराहा, ठंडी सड़क चौराहा खग्गूपुरा बाईपास मार्ग और चंदौसी बाईपास मुरादाबाद रोड शामिल हैं।
