मुजफ्फरनगर के रेशू विहार में भागवत कथा के दौरान हुई चेन चोरी के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी अमृत जैन के अनुसार, 13 नवंबर को कथा के दौरान श्रद्धालु महिलाओं की चार सोने की चेन चोरी हुई थीं। आरोपित महिलाएं बुधवार सुबह फिर से कथा स्थल के पास आईं, जहां शिकायतकर्ता और अन्य महिलाओं ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुबह करीब सवा आठ बजे उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम दिल्ली की इंदिरापुरी स्थित जेजे कॉलोनी निवासी पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी बताए। तलाशी में उनसे कुछ नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिलाओं ने बताया कि वे इंटरनेट मीडिया से कथा की जानकारी पाकर चार-पांच दिन पहले दिल्ली से मुजफ्फरनगर आई थीं और जहां महिलाओं की भीड़ जुटती है, वहां आभूषण चोरी करती थीं। पकड़े जाने के डर से उन्होंने चेन कथा स्थल के छोटे गेट पर लगी रेडिमेड फुलवारी के पीछे छिपा दी थी। पुलिस के अनुसार, महिलाएं चोरी का सामान लेने और दूसरी घटना को अंजाम देने के इरादे से आई थीं।
पुलिस ने महिलाओं के बताए स्थान से लाल रंग का छोटा पर्स बरामद किया, जिसमें डायमंड पेंडेंट लगी दो सोने की चेन और एक आर्टिफिशियल चेन मिली। गाजियाबाद निवासी राजबाला ने छोटी डायमंड पेंडेंट वाली चेन अपनी बताई, जबकि महावीर चौक निवासी रेनू ने आर्टिफिशियल चेन अपनी बताई। उन्होंने लंबा डायमंड लाकेट लगी तीसरी चेन अलीगढ़ निवासी मीरा अग्रवाल की बताई।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपित महिलाओं को जेल भेजा गया है और चोरी की धारा में दर्ज मुकदमे में बरामदगी की धारा बढ़ाई गई है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास का अभी पता नहीं चला है; टीम भेजकर जानकारी जुटाई जाएगी।
