बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र के गांव महदूद नशो में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग और पथराव हुआ। इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को नामजद करते हुए 21 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
शुगर मिल चौकी के गांव महदूद नशो निवासी इंतजार अहमद सोमवार को अपने परिवार के साथ हीमपुरदीपा क्षेत्र के गांव गांगू नंगला में एक शादी समारोह में गए थे। बताया जाता है कि गांव के कुछ अन्य लोग भी शादी में शामिल हुए थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई, जिसे मौके पर ही शांत करा दिया गया और दोनों पक्ष गांव लौट आए।
मंगलवार देर शाम इंतजार पक्ष अपने घर पर था, तभी दूसरे पक्ष के नवेद और कासिम समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने तमंचे से फायरिंग की, जिसमें इंतजार पक्ष के फैजान के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पथराव और मारपीट में पांच से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि फैजान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। कोतवाल सुधीर पवार ने बताया कि एसआई सागर चौधरी की ओर से एक पक्ष के कासिम, नवेद, मुशीर, नदीम और नसीम तथा दूसरे पक्ष के फैजान, अलताब, अमन, इकरार और नवेद को नामजद करते हुए 11 अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
