दरभंगा के केवटी थाना में पदस्थापित एक दारोगा नीतीश कुमार पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर नौ महीने तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी दारोगा के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है और पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है।

महिला थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़िता के आवेदन पर दारोगा नीतीश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया चल रही है। जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

दर्ज प्राथमिकी में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी दारोगा ने शारीरिक संबंध बनाते समय उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना ली थी। बाद में उसने इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, विरोध जताने पर आरोपी उसे गाली-गलौज करता और वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। बताया जाता है कि आरोपी दारोगा की शादी कहीं और तय हो गई है और इसी महीने उसकी सगाई होने वाली है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी दारोगा पहले कमतौल थाना में पदस्थापित था। उस दौरान गांव में गश्त के दौरान उससे जान-पहचान हुई और दोनों के बीच मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस के मुताबिक, काफी दिनों तक चली दोस्ती के बाद दारोगा ने युवती से अपने प्यार का इजहार किया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया। युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने इंकार कर दिया।