साइबर अपराधियों ने जूम, एचएसबीसी, सीएनएन, सेल्सफोर्स और आइकिया जैसी दुनिया की 178 प्रमुख वेबसाइटों को निशाना बनाया है। एक सुरक्षा शोधकर्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। हमलावरों ने यूजर्स के क्रेडिट कार्ड नंबर चुराने, क्रिप्टोकरेंसी के भुगतान पते बदलने और आईओएस उपकरणों में मैलवेयर डालने की कोशिश की।

वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म 'ऑप्टिमाइजली' के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के 178 संगठनों की वेबसाइटों पर आने वाले यूजर्स को दुर्भावनापूर्ण जावास्क्रिप्ट कोड से निशाना बनाया गया। इन स्क्रिप्ट्स का मकसद क्रिप्टोकरेंसी भुगतान पते को हमलावर के वॉलेट पते से बदलना और भुगतान के दौरान यूजर्स के क्रेडिट कार्ड नंबर चुराना था। इसके अलावा ये स्क्रिप्ट्स यूजर्स की कुकीज और स्क्रीनशॉट चुराने तथा आईओएस उपकरणों में एक्सप्लॉइट कोड डालने का प्रयास भी कर रही थीं।

साइबर सुरक्षा फर्म 'हडसन रॉक' ने भी पुष्टि की है कि उसे इन वेबसाइटों से विजिटर्स को दुर्भावनापूर्ण कोड भेजे जाने के सबूत मिले हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स तुरंत यह पुष्टि नहीं कर सकी कि क्या प्रत्येक मामले में इस दुर्भावनापूर्ण कोड का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया था या इससे कुल कितना नुकसान हुआ है।

सेल्सफोर्स ने बयान जारी कर कहा कि वह ऑप्टिमाइजली स्क्रिप्ट में किए गए अनधिकृत बदलावों की जांच कर रही है और एहतियात के तौर पर इन्हें डिएक्टिवेट कर दिया गया है। वहीं ऑप्टिमाइजली, एप्पल, जूम, एचएसबीसी, इक्विफैक्स, सीएनएन और आइकिया ने रॉयटर्स की ओर से प्रतिक्रिया मांगे जाने पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।