टाटा ग्रुप के अंदर चल रहे सत्ता संघर्ष के बीच दिवंगत रतन टाटा के छोटे भाई 85 वर्षीय जिमी नवल टाटा ने टाटा संस की लिस्टिंग का समर्थन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और अपने सौतेले भाई नोएल टाटा पर आरोप लगाया है कि परिवार के सदस्यों को अहम ट्रस्टों में शामिल करके होल्डिंग कंपनी पर पिछले दरवाजे से कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। जिमी ने कहा कि टाटा संस पर परिवार का नियंत्रण मजबूत करने के लिए ट्रस्ट्स की संरचना में बदलाव किया जा रहा है।

जिमी और नोएल दोनों नवल टाटा के बेटे हैं, जबकि रतन टाटा भी नवल टाटा के बेटे थे। रतन और जिमी की मां एक हैं, जिनका नाम सूनी कमिसारिएट है। नोएल टाटा, नवल टाटा की दूसरी पत्नी सिमोन के बेटे हैं।

जिमी टाटा के पास टाटा ग्रुप की मुख्य होल्डिंग कंपनी टाटा संस में 0.81 फीसदी हिस्सेदारी है, जो कंपनी के 3,262 शेयरों के बराबर है। वित्त वर्ष 2026 में टाटा संस ने प्रति शेयर 1.11 लाख रुपये का डिविडेंड घोषित किया है, जिससे जिमी को अपने शेयरों पर करीब 36.20 करोड़ रुपये का डिविडेंड मिला होगा। उनके पास मुंबई और पुणे में फ्लैट हैं। रतन टाटा की वसीयत के अनुसार उन्हें मुंबई के जुहू स्थित पारिवारिक बंगले में 25% हिस्सेदारी मिली है, जिसका मूल्य करीब 4 करोड़ रुपये आंका गया है। इस बंगले का बाकी हिस्सा सिमोन टाटा और नोएल टाटा के पास है। इसके अलावा उन्हें रतन टाटा के निजी कलेक्शन से चांदी की कुछ कलाकृतियां और आभूषण भी मिले हैं।

जिमी टाटा ग्रुप की बैठकों में शामिल नहीं होते और इसके मामलों में वोट देने से भी दूर रहते हैं। मगर मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वे ट्रस्टियों और बोर्ड के सदस्यों के साथ पत्राचार करते रहे हैं और कई मुद्दों पर अपनी राय विस्तार से इन पत्रों के जरिए साझा करते रहे हैं।