बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि मेले में 29 नवंबर को चेतक प्रतियोगिता और एक दिसंबर को बलिया केसरी दंगल का आयोजन होगा। चेतक प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त होंगे, जबकि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में गैर जनपदों से भी घुड़सवार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मेला एक से पांच दिसंबर तक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित होगा। भारतेंदु कला मंच पर बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों एवं गायकों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पांच दिसंबर को रात आठ बजे गणेश वंदना और डांस ग्रुप की प्रस्तुति के बाद रात 9:30 बजे भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगी। इसी दिन रात आठ बजे वाद्ययंत्र जाइलोफोन म्यूजिक स्टार लिपिका सामंथा और डांस ग्रुप का कार्यक्रम होगा, जबकि रात नौ बजे इंडियन आइडल रनरअप एवं बॉलीवुड गायक सलमान अली प्रस्तुति देंगे।

11 दिसंबर को रात नौ बजे भोजपुरी नाइट होगी, जिसमें भोजपुरी गायक समर सिंह, गायिका खुशी कक्कड़ तथा नृत्यांगनाएं माही और मनीषा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। 13 दिसंबर को दिन में 11 बजे संत समागम, 14 दिसंबर को डांस ग्रुप की प्रस्तुति के बाद रात 10 बजे बॉलीवुड स्टार गोविंदा मंच पर प्रस्तुति देंगे। 17 दिसंबर को रात आठ बजे ऐतिहासिक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा, जिसमें हास्य कवि रोहित शर्मा, विनोद पाल, चेतन चर्चित, गीतकार तृष्या श्री एवं निलोट्पल मृणाल तथा शायर चिराग शर्मा और अजहर इकबाल अपनी रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे। 19 दिसंबर को रात आठ बजे कव्वाली तथा 20 दिसंबर को दिन में समापन एवं सहभोज का कार्यक्रम होगा।

89 एकड़ में फैले पूरे मेले की निगरानी 80 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि मेले के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं और विभिन्न आयोजनों के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।