गुरुग्राम में घायल और बेसहारा गोवंशियों को नगर निगम, पुलिस, स्वयंसेवी संस्थाओं और गोशालाओं के संयुक्त प्रयासों से नया जीवन मिल रहा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर निगमकर्मी और गोसेवक सड़क किनारे पड़े गोवंशियों को गोशालाओं तक पहुंचाते हैं, जहां उपचार, भोजन और नियमित देखभाल से उन्हें स्वस्थ किया जाता है।

कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम गोशाला में शंखपुष्पी, पृथ्वी और नैनी ऐसी ही गायें हैं, जिन्हें घायल अवस्था में सड़क किनारे मिलने के बाद नगर निगम की टीम गोशाला लेकर पहुंची थी। अब ये गायें स्वस्थ हैं और अन्य गोवंशियों के साथ रह रही हैं। गोशाला के अध्यक्ष एवं हरियाणा गोसेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन यादव लोहचब के अनुसार, यहां चिकित्सक, ग्वाले और पौष्टिक चारे की व्यवस्था है। प्रत्येक गोवंशी की जियो टैगिंग कर उसका रिकार्ड भी रखा जाता है। नंदू और डीसी जैसे नाम वाले नंदी भी गोशाला के परिवार का हिस्सा हैं।

गाड़ौली खुर्द स्थित माधव गोसेवा धाम में भी बेसहारा गोवंशियों की देखभाल की जा रही है। किराये की जमीन पर संचालित इस गोशाला में पुलिस की कार्रवाई के दौरान बचाए गए गोवंशियों को आश्रय दिया गया है। गोशाला प्रबंधन के अनुसार, गोवंशियों के जन्म की तिथि के आधार पर उनका नामकरण होता है। गायों और बछड़ों की देखभाल के साथ उनके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। आसपास के लोग भी गोशाला से जुड़े हुए हैं और जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पहुंचकर गोसेवा करते हैं।

जिले की पंजीकृत सूची में 18 गोशालाएं शामिल हैं और विभागीय सूची में 14,893 गोवंशी दर्ज हैं। इनमें फरुखनगर की श्री गौशाला में सबसे अधिक 3,278 गोवंशी, कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम में 1,873 और गुरुग्राम की श्री गुड़गांव गौशाला सभा में 1,729 गोवंश दर्ज हैं। माधव गोसेवा धाम, गाड़ौली खुर्द के संचालक सतीष कुमार तायल के अनुसार, बेजुबानों को बचाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है। किसी बेसहारा गोवंशी की सूचना देना और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना भी उसके जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।