नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 400 करोड़ रुपये की कमाई की है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को डॉक्टर विशाल चतुर्वेदी ने निर्देशित किया है और नीम करोली बाबा का किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है। फिल्म की सफलता के बावजूद बड़े स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस की चुप्पी पर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने नाराजगी जताई है।
स्क्रीन के साथ बातचीत में विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि किसी बड़ी फिल्म की सफलता पर कई आधिकारिक बयान सामने आते हैं, लेकिन उनकी फिल्म छोटी होने और पहली फिल्म होने के कारण किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस या किसी का बयान उन्होंने नहीं देखा। उन्होंने इसे हैरान करने वाली बात बताया।
निर्देशक ने उन सेलिब्रिटीज का भी जिक्र किया जिन्होंने फिल्म की खुलकर तारीफ की। उनके मुताबिक इनमें वरुण धवन, वीरेंद्र सहवाग और कई अन्य लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े स्टूडियो या स्थापित प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता को लेकर कोई पत्र या बयान नहीं दिया।
विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि 'हनुमान अंश' ने उस धारणा को तोड़ा है जिसमें माना जाता है कि फिल्म तभी सफल होती है जब उसमें बड़ा स्टार, बड़ी प्रोडक्शन कंपनी या बड़ा बजट हो। उनके अनुसार सिनेमा आम लोगों का माध्यम है और दर्शक खुद तय करते हैं कि फिल्म अच्छी है या नहीं।
