40 और 50 के दशक में लता मंगेशकर, नूरजहां, गीता दत्त और सुरैया जैसी गायिकाओं का दौर था। इसी समय मीना कपूर भी सिनेमा में अपनी आवाज दे रही थीं। उनका नाम शायद ही सबको याद हो, लेकिन 'आना मेरी जान संडे के संडे' और 'मोरी अटरिया पर कागा बोले' जैसे गाने उन्होंने ही गाए थे। मीना कपूर का जन्म कलकत्ता में हुआ था। उनका परिवार सिंगिंग फैमिली से नहीं, बल्कि फिल्मी दुनिया से जुड़ा था। वह न्यू थिएटर्स स्टूडियो से जुड़े एक्टर बिक्रम कपूर की बेटी थीं। बचपन से ही गायिकी के प्रति रुझान रखने वाली मीना की काबिलियत को नीनू मजूमदार और एसडी बर्मन जैसे संगीतकारों ने शुरुआत में ही पहचान लिया था। वह केवल 11 साल की थीं जब उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग शुरू की, जबकि उनका ऑफिशियल डेब्यू एसडी बर्मन की फिल्म 'आठ दिन' से हुआ।
मीना कपूर को रातोंरात स्टार बनाने वाला गाना फिल्म 'शहनाई' (1947) का 'आना मेरी जान संडे के संडे' था, जिसे उन्होंने सी-रामचंद्रन और शमशाद बेगम के साथ गाया था। इसके बाद 'मोरी अटरिया पे कागा बोले', 'एक धरती है गगन', 'रसिया रे मन बसिया रे' और 'कच्ची है उमरिया' जैसे गानों से उन्होंने सिनेमा पर अपनी छाप छोड़ी। मीना कुमारी पर फिल्माए गए 'कच्ची है उमरिया' को उनके करियर का सबसे बेहतरीन सोलो गाना माना जाता है, जिसमें उन्होंने मीना की ऑन-स्क्रीन पीड़ा और दबी हुई इच्छा को आवाज दी थी।
मीना कपूर की आवाज में एक कशिश और स्थिरता थी और उनकी तुलना अक्सर गीता दत्त से की जाती थी। दोनों की आवाज लगभग एक जैसी थी और दोनों लगभग एक ही समय पर अपनी गायिकी का जलवा बिखेर रही थीं। आमतौर पर एक ही दौर की गायिकाओं के बीच प्रतिस्पर्धा की भावना पनप जाती है, लेकिन गीता और मीना की गहरी दोस्ती थी और दोनों को एक-दूसरे का क्लोज फ्रेंड बताया जाता है।
मीना कपूर का करियर अच्छा चल रहा था, तभी उन्होंने 1959 में संगीतकार अनिल बिस्वास से शादी कर ली। जब अनिल ने सिंगिंग की दुनिया छोड़कर ऑल इंडिया रेडियो में काम करने का फैसला किया और दिल्ली में बस गए, तो मीना कपूर ने भी उनका साथ दिया और अपना करियर छोड़कर पति के साथ दिल्ली में बस गईं। 23 नवंबर 2017 को उनका निधन हो गया। वह आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने गानों के जरिए फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगी।
