सर्दियों में ताजी हरी मेथी आसानी से उपलब्ध होती है, लेकिन कई बार बच्चे और बड़े मेथी की सब्जी या पराठा खाने में आनाकानी करते हैं। ऐसे में गेहूं के आटे और मेथी से बनी परतदार कचौड़ी एक विकल्प हो सकती है। इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें मैदे के बजाय गेहूं का आटा और बेसन इस्तेमाल होता है, जबकि अंदर चटपटा आलू का मसाला भरा जाता है।

आटा तैयार करने के लिए दो कप गेहूं के आटे में अजवाइन, नमक, तीन से चार चम्मच बेसन, चिली फ्लेक्स और सफेद तिल डालें। इसमें दो कप धुली और बारीक कटी हरी मेथी तथा मोयन के लिए दो चम्मच तेल मिलाकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त और चिकना आटा गूंथ लें और कुछ देर ढककर रख दें।

स्टफिंग के लिए पैन में तेल गर्म करके सौंफ, जीरा, हींग, बारीक कटी हरी मिर्च और एक चम्मच बेसन हल्का भून लें। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, जीरा पाउडर, अमचूर और नमक मिलाएं। इसके बाद चार उबले और मैश किए आलू तथा बारीक कटा हरा धनिया डालकर भून लें और ठंडा होने दें।

आटे की छोटी लोइयां बनाकर पतली रोटियां बेलें। परतें लाने के लिए एक रोटी पर हल्का तेल लगाकर सूखा आटा छिड़कें और ऊपर दूसरी रोटी रखें। इसी तरह चार से पांच रोटियों की परत बनाएं, फिर इन्हें हल्का दबाकर बेलें और किनारे से टाइट रोल बनाकर छोटे टुकड़ों में काट लें। हर टुकड़े को हथेली पर दबाकर बेलें, बीच में आलू का मसाला भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें।

कम तेल में बनाने के लिए तैयार कचौड़ियों पर हल्का तेल लगाकर एयर फ्रायर में 180 डिग्री तापमान पर 10 से 20 मिनट तक सुनहरा और क्रिस्पी होने तक बेक करें। पारंपरिक स्वाद के लिए इन्हें कड़ाही में मध्यम गर्म तेल में सुनहरा भूरा होने तक डीप फ्राई किया जा सकता है। गर्म कचौड़ी को हरी चटनी या सॉस के साथ परोसें।

डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता की जिम्मेदारी नहीं लेता है।