साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म हनुमैन को दर्शकों का खूब प्यार मिला था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 295 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब प्रोडक्शन हाउस प्राइमशो एंटरटेनमेंट ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए सीक्वल की घोषणा की। फिल्म का टाइटल हनुमैन 2: द राइज ऑफ वनरास रखा गया है और इसका पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर में घुंघराले बालों वाला एक मस्कुलर व्यक्ति रस्ट-ऑरेंज धोती पहने बादलों के बीच हवा में खड़ा दिख रहा है, जिसके शरीर पर हनुमान जी की पूंछ लिपटी है। बैकग्राउंड में बादलों के बीच महाबली की छवि, सुनहरी रोशनी और हल्का इंद्रधनुष भी देखा जा सकता है।
मेकर्स ने कैप्शन में लिखा कि जो एक सपने के साथ शुरू हुआ था, वह अब एक बड़े एम्बिशियस एडवेंचर के साथ हनुमैन की लेगेसी को आगे बढ़ा रहा है। हनुमैन 2 में पंजा वैष्णव तेज और डायरेक्टर वीआई आनंद के साथ कोलैबोरेशन का इंतजार है। मेकर्स ने स्टारकास्ट का भी ऐलान किया है, जिसमें विनय राय, वेनेला किशोर और समुथिरकानी शामिल हैं। फिल्म तेलुगु के अलावा तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज होगी।
पोस्टर में पहली फिल्म के लीड एक्टर तेजा सज्जा और निर्देशक प्रशांत वर्मा का नाम कहीं नहीं दिख रहा है। इससे फैंस काफी नाराज हैं और सोशल मीडिया पर मेकर्स से सवाल कर रहे हैं कि तेजा सज्जा इस फिल्म का हिस्सा हैं या नहीं। एक यूजर ने लिखा कि जब ऋषभ शेट्टी के साथ जय हनुमान बन रही है, तो इस मूवी को बनाने की क्या जरूरत है। दूसरे यूजर ने मेकर्स से मांग की कि वे साफ कर दें कि तेजा सज्जा इस फिल्म में हैं या नहीं।
