ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच होर्मुज में खतरा बना हुआ है। मंगलवार सुबह एक तेल जहाज पर मिसाइल हमला हुआ, जिससे जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। ईरानी सेना के अनुसार पिछले 24 घंटे में इस तरह के करीब चार हमले हो चुके हैं।

ईरानी नौसेना ने बताया कि तीन जहाजों में आग बारूदी सुरंगों की वजह से लगी है, जबकि एक जहाज पर मिसाइल से हमला किया गया है। इससे पहले रविवार देर रात नौसेना ने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया था, जिसके बाद उसमें आग लग गई थी।

नौसेना के अनुसार यह घटना उससे कुछ घंटे पहले हुई थी और संबंधित जहाज समुद्री प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा था। नौसेना ने चेतावनी दी कि ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय किए बिना इस रणनीतिक जलमार्ग या आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाज बारूदी सुरंगों की चपेट में आ सकते हैं और उनमें आग लग सकती है।