हावड़ा के विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां मांगे जाने से लोग असमंजस में हैं। यह प्रक्रिया SIR के तहत मतदाता सूची से नाम कटने के बाद न्यायाधिकरण में विचाराधीन मामलों के मतदाताओं के दस्तावेज जुटाने के लिए चलाई जा रही है। हावड़ा सिटी पुलिस और हावड़ा ग्रामीण पुलिस के विभिन्न थानों की ओर से यह काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि राज्य पुलिस के स्तर से सभी जिलों के थानों को न्यायाधिकरण में विचाराधीन मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है, उसी के तहत यह कार्रवाई हो रही है। पुलिस के अचानक घर पहुंचकर दस्तावेज मांगने से कई लोग हैरान हैं।
हावड़ा जिला वाममोर्चा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है और मुद्दे पर बैठक बुलाने की मांग की है। वाममोर्चा के संयोजक परेश पाल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया पर चर्चा के लिए बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। वाममोर्चा ने सवाल उठाया है कि आम लोगों को पूर्व सूचना दिए बिना और सर्वदलीय बैठक किए बिना पुलिस को दस्तावेज जुटाने की जिम्मेदारी क्यों दी गई।
माकपा के पूर्व पार्षद आजबहार अली मिद्दे ने भी इस पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि दस्तावेज जुटाने का काम निर्वाचन अधिकारियों और बूथ स्तर के अधिकारियों का है, लेकिन उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने बताया कि अप्रैल से उनका नाम भी न्यायाधिकरण में विचाराधीन है और पुलिस अचानक घर पहुंचकर दस्तावेज मांग रही है।
