विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। इस बार पर्यटक अपने बजट और जरूरत के अनुसार एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक से मेले का भ्रमण कर सकेंगे। पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए टूर पैकेज की शुरुआत 900 रुपये प्रति व्यक्ति से हो रही है, जबकि दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
निगम की ओर से पटना में दो स्थानों से सोनपुर मेला के लिए वाहनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन शामिल हैं। इन दोनों स्थानों से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक सोनपुर के लिए वाहन मिलेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22 नवंबर को इस ऐतिहासिक मेला का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने यहां हर वर्ष आने वाले लाखों पर्यटकों को इस बार कुछ अलग और उत्कृष्ट सहूलियत देने के साथ ही नए तरह के अनुभव की बात कही थी। इस मद्देनजर इस वर्ष मेला में सुरक्षा से लेकर सभी जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है और अन्य वर्षों की तुलना में बेहतर टूरिस्ट पैकेज तैयार किए गए हैं।
वाहनों के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति 900 रुपये देने होंगे। एसी ट्रैवलर का किराया 950 रुपये, इनोवा का 1100 रुपये और इटियोस का 1300 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। छह हजार रुपये के कपल पैकेज में इटियोस एसी वाहन से यात्रा और भ्रमण, होटल में ठहरने, टूरिस्ट गाइड, ब्रेकफास्ट, लंच, शाम के स्नैक्स और डिनर की सुविधा शामिल है। बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए पर्यटक निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन पर पैकेज, किराये और उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
