इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) 2026 में शनिवार को एमआई अमीरात्स और डिजर्ट वाइपर्स के बीच खेला गया मुकाबला सुपर ओवर तक खिंचा। सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन ने छक्का लगाकर एमआई अमीरात्स को जीत दिला दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई अमीरात्स ने कुसल परेरा और निकोलस पूरन के अर्धशतकों की बदौलत चार विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए। परेरा ने 45 गेंदों में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 76 रन बनाए, जबकि पूरन ने 57 गेंदों में तीन चौकों और आठ छक्कों के सहारे 89 रनों की नाबाद पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिजर्ट वाइपर्स की ओर से किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। उनके लिए सबसे बड़ी पारी फखर जमान ने 42 रनों की खेली। वाइपर्स को आखिरी दो गेंदों में 11 रन चाहिए थे। जहूर खान की गेंद पर खुजाइमा तनवीर ने पहले छक्का लगाया और फिर आखिरी गेंद पर चौका जड़कर मैच टाई करा दिया। तनवीर ने 5 गेंदों में 14 रन बनाए। वाइपर्स ने आठ विकेट खोकर 186 रन बनाए थे।

सुपर ओवर में वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी की। एमआई अमीरात्स की ओर से क्रिस जॉर्डन गेंदबाजी करने आए और उन्होंने दूसरी ही गेंद पर शिमरोन हेटमायर का विकेट चटका दिया। छठी गेंद पर टॉम करन ने चौका लगाया, जिससे वाइपर्स ने एमआई अमीरात्स के सामने 8 रनों का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने के लिए एमआई अमीरात्स की ओर से कायरन पोलार्ड और शेरफेन रदरफोर्ड आए। तनवीर ने शुरुआती चार गेंदों में सिर्फ तीन रन दिए और पांचवीं गेंद पर रदरफोर्ड का विकेट लेकर एमआई अमीरात्स को मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद पूरन बल्लेबाजी के लिए आए। एमआई अमीरात्स को जीत के लिए आखिरी गेंद पर पांच रन चाहिए थे। तनवीर की फुलटॉस गेंद पर पूरन ने डीप-मिडविकेट पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।