भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कमेंट्री कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का हर अवसर खेल के लिए फायदेमंद है। हैरिस से अभिषेक त्रिपाठी ने विशेष बातचीत की।

हैरिस ने कहा कि उनके लिए फिलहाल विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता होगी, जबकि ओलिंपिक स्वर्ण पदक दूसरे स्थान पर रहेगा। ऑलराउंडरों की स्थिति पर उन्होंने कहा कि हालात उतने खराब नहीं हैं जितने गेंदबाजों के लिए हैं। आधुनिक बल्लेबाज बेहद आक्रामक हैं, जिससे विकेट लेने के मौके बनते हैं, लेकिन एक बार जमने के बाद उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। उनके मुताबिक टेस्ट क्रिकेट में असली ऑलराउंडर कम आ रहे हैं और बेन स्टोक्स शायद आखिरी बड़े ऑलराउंडर रहे हैं।

पिचों के बारे में हैरिस ने कहा कि आधुनिक तकनीक से पिचें बेहतर हो गई हैं। पहले पर्थ में तेज और उछाल वाली पिच मिलती थी और सिडनी में स्पिनरों को मदद मिलती थी, लेकिन अब पिच तैयार करने वाले नमी और मिट्टी को लेकर सटीक जानकारी रखते हैं, जिससे पिचें लंबे समय तक एक जैसी बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर दो अच्छी टीमें आमने-सामने हों तो मुकाबला शानदार हो सकता है और क्राइस्टचर्च में भी रोमांचक टेस्ट देखने को मिलेगा।

आर्थिक आजादी और भारी पैसे के असर पर हैरिस ने कहा कि उनके दौर में क्रिकेट से अच्छी कमाई के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इसी वजह से आज कई आक्रामक खिलाड़ी देखने को मिल रहे हैं। टी-20 के कारण वनडे में रन बनाने की गति बढ़ी है और टेस्ट क्रिकेट में भी प्रति ओवर रन का औसत काफी ज्यादा हो गया है।