भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार से खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में उन्होंने 23 रन की पारी में एक छक्का जड़ा और इसी के साथ उन्होंने बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ दिया। स्टोक्स ने कुछ महीने पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था और अब वो दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। वहीं 18 महीने पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा इस सूची में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

पंत ने अब तक 44 मैचों में 89 छक्के लगाए हैं और 43.04 की औसत से 3099 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद स्टोक्स के नाम 64 मैचों में 88 छक्के और 3857 रन दर्ज हैं। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा ने 40 मैचों में 56 छक्के लगाए थे और उनके बल्ले से 2716 रन निकले थे।

इस सूची में चौथे नंबर पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 44 मैचों में 48 छक्के और कुल 3032 रन बनाए हैं। पांचवें स्थान पर यशस्वी जायसवाल का नाम है, जिनके खाते में 32 मैचों में 45 छक्के और 2673 रन हैं। छठे नंबर पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक हैं, जिन्होंने 37 मैचों में 44 छक्के लगाए और 3214 रन बनाए।

सातवें स्थान पर भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा हैं, जिन्होंने 50 मैचों में 42 छक्के जड़े और 2675 रन बनाए।