भारत ए को गुरुवार को श्रीलंका ए के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में अंपायर्स के कुछ फैसलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिनका असर भारतीय टीम पर पड़ने की बात कही जा रही है। इस टूर्नामेंट में डीआरएस की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए खिलाड़ी फैसलों को चुनौती नहीं दे सके।
भारत की पारी के 37वें ओवर में रविंदु फर्नांडो की गेंद पर एलबीडब्ल्यू की अपील के बाद अंपायर ने उप-कप्तान रिंकू सिंह को आउट करार दिया। रिंकू ने बल्ले का किनारा लगने का इशारा किया और फैसले पर नाराजगी जताई, लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराई थी।
गेंदबाजी के दौरान भी अंपायरिंग पर सवाल उठे। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने लुसिथ क्रूसपुले को बीट कर पैड पर गेंद मारी, लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। उस समय क्रूसपुले 65 रन पर खेल रहे थे और बाद में उन्होंने शतक लगाकर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह हर्ष दुबे की गेंद पर मदुश्का के रिवर्स स्वीप के प्रयास में गेंद पैड पर लगी, फिर भी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और फैंस अंपायर्स के फैसलों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 318 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने की शतकीय पारियों की मदद से श्रीलंका ने 41.3 ओवर में हासिल कर लिया।
