भारत सरकार ने बुधवार को अमेरिका के उस दावे को साफ शब्दों में खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि भारत की औद्योगिक और व्यापार नीतियां जानबूझकर जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पैदा कर रही हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि देश के किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (ओवरकैपेसिटी) नहीं है और व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही द्विपक्षीय बातचीत से ही होना चाहिए।

मंत्रालय ने बताया कि भारत ने अमेरिका की धारा 301 के तहत चल रही जांच प्रक्रिया में रचनात्मक सहयोग किया। जांच शुरू होने के नोटिस के जवाब में और बाद की कार्यवाही में भारत ने स्पष्ट किया कि किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। अमेरिकी पक्ष के निर्धारण संबंधी नोटिस पर फिलहाल विचार किया जा रहा है। अमेरिका ने कुल 16 देशों और आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर यह जांच शुरू की है, जिनमें चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश, जापान, नॉर्वे, मेक्सिको और भारत शामिल हैं। अमेरिका का दावा है कि इन देशों की नीतियों से उनकी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता जरूरत से ज्यादा हो गई है, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत सहित कई देशों से आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क का सुझाव दिया है, लेकिन यह प्रावधान भी रखा है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति बनने पर यह शुल्क घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। इससे भारत को अन्य एशियाई देशों के मुकाबले थोड़ी बेहतर स्थिति मिल सकती है।

सरकार ने दोहराया कि वह अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्रालय के अनुसार, दोनों देश पहले से इस समझौते पर बातचीत कर रहे हैं और भारत का रुख स्पष्ट है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए। सरकार ने 2 फरवरी 2026 को घोषित और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।