लोहरदगा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के मंच से आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने निशा भगत मौत मामला उठाया। उन्होंने कहा कि निशा भगत को मानसिक प्रताड़ना देकर मारा गया और सवाल किया कि पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए और कितने भाई-बहनों को बलिदान देना पड़ेगा। अपने संबोधन का वीडियो क्लिप उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है।

निशा उरांव भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की वरिष्ठ अधिकारी हैं और आदिवासी समाज, सरना धर्म तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर खुलकर राय रखने के लिए जानी जाती हैं। मंच से उन्होंने कहा कि अगर भगवान बिरसा मुंडा आज जिंदा होते तो पूछते कि माटी और धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दिया गया, लेकिन समाज के और कितने भाई-बहनों को बलिदान देना पड़ेगा। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या निशा भगत की आवाज हमेशा के लिए बंद कर दी गई, या अब सैकड़ों निशा भगत अपने अधिकार की मांग करेंगी।

निशा भगत मौत मामला झारखंड के आदिवासी समाज और सामाजिक संगठनों के बीच न्याय की मांग को लेकर चर्चा में है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि अपनी पहचान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया गया। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग विभिन्न मंचों से उठ रही है। 6 नवंबर को निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। 7 नवंबर को अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई थी।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 14 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 में केस दोबारा दर्ज किया। सीबीआई की टीम रांची में कैंप कर घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन कर रही है और घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले जब निशा भगत फेसबुक लाइव पर थीं, तब वो कमरे में अकेली थीं और पंखे से फंदा लगाते वक्त भी उनका मोबाइल लाइव मोड में था।