नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने टी20 क्रिकेट में नंबर-11 पर बैटिंग करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बना दिया है। तमिलनाडु के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स के नाम था, जिन्होंने 2020 में बिग बैश में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए 35 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
सौराष्ट्र की टीम इस मैच में 92 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद उनादकट और चेतन सकारिया के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई। टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए यह संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। 2016 में पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के लिए ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई थी।
इस मैच में तमिलनाडु ने सौराष्ट्र को 38 रनों से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए साई किशोर की कप्तानी वाली टीम ने 8 विकेट पर 192 रन बनाए। छठे नंबर पर उतरे सनी संधु ने 17 गेंदों पर 6 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि सातवें नंबर के आर राजकुमार ने 36 रनों का योगदान दिया। जवाब में सौराष्ट्र की पारी 17वें ओवर में 154 रनों पर सिमट गई।
