टीम इंडिया के तेज गेंदबाज और सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में 11 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए टी20 क्रिकेट में नया इतिहास लिख दिया। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में तमिलनाडु के खिलाफ मैच में उनादकट ने 40 रनों की पारी खेली। यह टी20 क्रिकेट में 11 नंबर पर किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ी पारी है।

उनादकट ने इस रिकॉर्ड के साथ ऑस्ट्रेलिया के डैनी ब्रिग्स का नाम पीछे छोड़ा। ब्रिग्स ने साल 2020 में बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए 35 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उनादकट से पहले भारत की ओर से 11 नंबर पर सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड मुनाफ पटेल के नाम था, जिन्होंने 2009 आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 23 रन बनाए थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह रिकॉर्ड पंजक जसवाल और प्रशांत सोलंकी के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था, जिन्होंने 23-23 रनों की पारी खेली थी।

मैच में 193 रनों का पीछा कर रही सौराष्ट्र ने 93 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 11 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उनादकट ने चेतन साकरिया के साथ 10वें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। हालांकि, उनादकट की यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी और सौराष्ट्र को 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा।