मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में मंगलवार रात जिला प्रशासन ने बुलडोजर से एक दरगाह और उससे लगी दीवार को हटा दिया। यह दरगाह लंबे समय से बंद पड़ी श्री मानसिंहका आयल मिल की सरकारी जमीन पर बनी दीवार से लगी सड़क किनारे थी। दिनभर विरोध और नोकझोंक के बाद रात करीब आठ बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की गई। विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी।

कार्रवाई से पहले दोपहर में शहरकाजी सैयद निसार अली ने इसका विरोध किया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर दरगाह तोड़ी गई तो शहर के मंदिरों के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रशासन की टीम जब दीवार और दरगाह हटाने पहुंची, तो शहरकाजी कई लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के सामने मास्टर प्लान का हवाला देने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि शहर में कई स्थानों पर मंदिर होने के कारण सड़क और मास्टर प्लान के प्रावधान लागू नहीं किए जाते। उन्होंने प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

विरोध के दौरान भीड़ बढ़ने से सिटी मजिस्ट्रेट भी उसमें घिर गए। पुलिसकर्मियों ने सबको बाहर निकाला। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। शाम को तीन बुलडोजर की मदद से करीब 100 फीट लंबी दीवार तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। विरोध को देखते हुए दरगाह को नुकसान से बचाने के लिए उसके ऊपर टीन की चादर डाली गई थी। रात करीब आठ बजे दरगाह को भी हटा दिया गया।

सीएसपी खंडवा अभिनव बरंगे के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाया गया है। सुरक्षा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस प्वाइंट बनाए गए थे और इंटरनेट मीडिया पर नजर रखने के लिए भी टीम गठित की गई थी।