आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), भू-राजनीति, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और सार्वजनिक नीति जैसे विषयों पर लंदन और दिल्ली के प्रतिष्ठित संस्थान मिलकर शोध करेंगे। इसके लिए लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई), दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ (आईईजी) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है।
इस साझेदारी के तहत तीनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान बीज निधि (रिसर्च सीड फंड) स्थापित करने की दिशा में काम करेंगे। इससे युवा शोधकर्ताओं को नए शोध प्रोजेक्ट शुरू करने और वैश्विक स्तर पर अकादमिक सहयोग का अवसर मिलेगा। समझौते के तहत शैक्षणिक आदान-प्रदान, संयुक्त शोध, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा छात्र-संकाय सदस्यों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा आईईजी और एलएसई के बीच भारतीय आर्थिक सेवा के अधिकारियों के प्रशिक्षण को लेकर भी सहयोग प्रस्तावित है, जिससे अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय शोध और नीतिगत अनुभव का लाभ मिल सकेगा।
उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित एमओयू आदान-प्रदान समारोह में उपराष्ट्रपति एवं डीयू के कुलाधिपति सीपी राधाकृष्णन शामिल हुए। उन्होंने इस साझेदारी को आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता को समाज की प्रगति में बदलना जरूरी है और विश्वविद्यालयों को अपनी शोध क्षमता मजबूत करने के साथ वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान भी बढ़ानी चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विकास के अनुभवों में वैश्विक शैक्षणिक समुदाय को देने के लिए बहुत कुछ है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए समावेशी विकास जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी युवा शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के साथ व्यावहारिक नीतिगत सुझाव तैयार करने में भी मददगार होगी। कार्यक्रम में डीयू कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह समेत तीनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
