रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' में टीवी एक्टर मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच कई बार तीखी बहस देखने को मिली थी। शो के दौरान दोनों के रिश्ते में दोस्ती से लेकर नाराजगी तक कई उतार-चढ़ाव आए। अब शो से बाहर आने के बाद मनीष ने काजी के परिवार के साथ अपने रिश्ते को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। एक्टर ने बताया है कि 'बिग बॉस 20' के घर से बाहर निकलने के बाद सबसे पहले काजी की पत्नी ने उनसे संपर्क किया था और दोनों के बीच काफी अच्छी बातचीत हुई।
मनीष ने बताया कि काजी की पत्नी ने उनसे उनके पैर की चोट के बारे में भी पूछा और उनका हालचाल जाना। उन्होंने इस बातचीत को पॉजिटिव बताते हुए लोगों से इसे किसी नेगेटिव नजरिए से नहीं देखने की अपील की। एक्टर के मुताबिक, उन्होंने कहा कि नेगेटिविटी बहुत तेजी से फैलती है, लेकिन अगर इसके साथ पॉजिटिविटी भी आती है तो उसे बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने काजी की पत्नी को बहुत प्यारी और अच्छे स्वभाव वाली बताया।
मनीष ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी पूनम गोयल की भी काजी की पत्नी से बातचीत हुई और दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य हैं। दोनों परिवार काजी के बाहर आने के बाद एक साथ मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब काजी आएंगे तो सब मिलेंगे और खूब मस्ती करेंगे।
गौरतलब है कि शो के घर में मनीष और काजी की दोस्ती की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं। काजी बार-बार मनीष को 'प्रोफेसर' और 'ज्ञानी बाबा' कहकर बुलाते थे, जिस पर मनीष ने नाराजगी जताई थी। मनीष की पत्नी पूनम नरूला ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने पति का समर्थन किया था। वहीं, मनीष का 'बिग बॉस 20' का सफर पैर में चोट लगने के कारण जल्दी खत्म हो गया था। शो के होस्ट सलमान खान ने भी साफ किया था कि मनीष को कम वोट मिलने की वजह से नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते घर से बाहर जाना पड़ा।
